Thursday, October 24, 2019

दो लोकसभा और 51 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में कौन आगे

महाराष्ट्र और हरियाणा के अलावा बिहार के समस्तीपुर और महाराष्ट्र के सतारा लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के मतों की भी गिनती हो रही है. इसके अलावा अलग-अलग राज्यों की 51 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की भी मतगणना हो रही है.

समस्तीपुर, बिहार
इस सीट से 2014 में लोक जनशक्ति पार्टी के रामचंद्र पासवान जीते थे. जुलाई 2019 में उनकी मौत हो गई थी जिस कारण ये सीट ख़ाली हो गई थी.

इस सीट पर कांग्रेस के डॉक्टर अशोक कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रिंस राज के बीच मुक़ाबला माना जा रहा है.

चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार एलजेपी के प्रिंस राज चुनाव जीत चुके हैं लेकिन आयोग ने अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

इस सीट से एनसीपी के टिकट पर 2014 में उदयनराजे प्रतापसिन्हे भोंसले जीते थे. लेकिन हाल में वो पार्टी छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे, जिस कारण ये सीट ख़ाली हो गई थी.

भोंसले अब इस सीट पर बीजेपी के टिकट पर लड़ रहे हैं और उनका मुक़ाबला एनसीपी के श्रीनिवास दादासाहेब पाटिल से है.

चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार श्रीनिवास दादासाहेब पाटिल चुनाव जीत गए हैं लेकिन अभी चुनाव आयोग ने आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

चुनाव आयोग से मिले अब तक के रुझानों में उत्तर प्रदेश की 11 सीटों में से सात पर बीजेपी आगे चल रही है. रामपुर की सीट पर समाजवादी पार्टी की डॉक्टर तज़ीन फ़ातिमान ने बीजेपी के भारत भूषण को हरा दिया है. एक और सीट पर सपा आगे चल रही है. जबकि बसपा एक सीट पर और अपना दल (सोनेलाल) एक सीट पर आगे चल रही है.

हिमाचल प्रदेश की दोनों सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की है.

सिक्किम की 3 में 2 सीटों के चुनाव नतीजे आ गए हैं. इनमें से एक में बीजेपी की जीत हो गई है और एक पर सिक्किम क्रांतिक्रारी मोर्चा ने जीत हासिल की है.

पुदुचेरी का एक सीट के नतीजों की घोषणा हो गई है. यहां कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया है.

अरुणाचल प्रदेश की एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिल गई है.

बिहार की 5 सीटों में से ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएमआईएम) ने किशनगंज सीट जीत कर बिहार में अपना खाता खोल लिया है. प्रमुख विपक्षी राजद दो सीट जीत चुकी है और एक पर आगे चल रही है जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. सत्ताधारी जद-यू को पाँच में से अभी तक एक भी सीट नहीं मिल सकी है.

केरल की 5 सीटों में से सीपीएम दो सीटें जीत चुकी है. कांग्रेस एक सीट जीत गई है और एक पर आगे चल रही है. एक पर इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग आगे चल रही है.

पंजाब की 4 सीटों में से तीन पर कांग्रेस जीत गई है जबकि एक पर शिरोमणी अकाली दल जीती है.

असम की कुल 4 सीटों में से बीजेपी ने तीन पर जीत हासिल की है जबिक एक सीट एआईयूडीएफ़ के खाते में गई है.

राजस्थान की दो में से एक सीट पर सत्ताधारी कांग्रेस जीती है जबकि एक पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को जीत मिली है.

No comments:

Post a Comment